चाकुलिया के जंगल में साल के पेड़ों की कटाई पर गोस्वामी ने जताई चिंता, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झारखंड में वन संपदा और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया प्रखंड में बड़े पैमाने पर साल (सखुआ) के पेड़ों की कटाई का मामला उठाते हुए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर चिंता जताई।

डॉ. गोस्वामी के अनुसार, चाकुलिया के सांकाभांगा गांव के समीप जंगल में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में साल के पेड़ काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में पेड़ों की कटाई हुई, वह राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद वन विभाग को इसकी जानकारी समय पर नहीं मिलना विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार के कार्यकाल में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। कोयला, बालू और पत्थर के बाद अब जंगलों में पेड़ों की कटाई की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जल, जंगल और जमीन की रक्षा के वादे के साथ सत्ता में आई थी, ऐसे में वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

डॉ. गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी रोक लगाने और जंगलों में पेड़ों की कटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने वन क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।

पानीमाको जंगल से अपहरण मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, फिरौती के 4,500 रुपये बरामद
हजारीबाग/टाटीझरिया: हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के पानीमाको जंगल में हथियार के बल पर दो लोगों के अपहरण और फिरौती वसूली…

करमा मेला से लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार और दो नाबालिग निरुद्ध
रांची: रातू थाना क्षेत्र में करमा पूजा मेला देखकर लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो युवकों…
















