NEET UG 2026 results declared; 11.21 lakh candidates qualified; female candidates performed better.

NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई; छात्राओं का प्रदर्शन रहा बेहतर

Share
Link copied
NEET UG 2026 results declared; 11.21 lakh candidates qualified; female candidates performed better.
NEET UG 2026 results declared; 11.21 lakh candidates qualified; female candidates performed better.

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम जारी होने के साथ ही मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया तय समय के अनुसार शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।

RKDF
Adv

इस वर्ष पेपर लीक विवाद के बाद NEET UG परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी। री-एग्जाम में देश और विदेश के लगभग 20 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई थी।

NTA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल और संबद्ध पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। इनमें MBBS, BDS, AYUSH समेत अन्य मेडिकल कोर्स शामिल हैं।

छात्राओं ने फिर मारी बाजी

परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं। सफलता दर के लिहाज से भी छात्राएं आगे रहीं। जहां छात्राओं का सफलता प्रतिशत 56.8 रहा, वहीं छात्रों का सफलता प्रतिशत 55.1 दर्ज किया गया।

715 अंक के साथ दो अभ्यर्थी संयुक्त टॉपर

इस बार परीक्षा में किसी भी उम्मीदवार ने पूर्णांक के करीब पहुंचते हुए 715 अंक तक हासिल किए। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।

आंकड़ों के अनुसार, 138 अभ्यर्थियों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 19 उम्मीदवारों का स्कोर 700 से ऊपर रहा। इसके अलावा 1,492 छात्रों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 ने 600 या उससे अधिक तथा 90,780 अभ्यर्थियों ने 500 या उससे अधिक अंक हासिल किए।

पहली बार परीक्षा देने वालों का दबदबा

NTA के मुताबिक, 690 से अधिक अंक पाने वाले 93 प्रतिशत से ज्यादा छात्र पहली बार NEET परीक्षा में शामिल हुए थे। वहीं, शीर्ष प्रदर्शन करने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही।

उत्तर प्रदेश सबसे आगे, सभी राज्यों से उम्मीदवार सफल

देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। राज्यवार आंकड़ों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां 1.70 लाख से अधिक उम्मीदवार क्वालिफाई हुए। वहीं लक्षद्वीप से 43 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।

राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचेन लामो (530 अंक), अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) प्रमुख रहे। NTA के अनुसार, 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 26 राज्यों के टॉपर्स का स्कोर 690 से ऊपर रहा।

जल्द शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया

रिजल्ट जारी होने के बाद अब मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य प्राधिकरणों द्वारा काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सफल अभ्यर्थी अपनी रैंक और कटऑफ के आधार पर मेडिकल कॉलेजों में सीट आवंटन की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।