नीतीश कुमार आज अंतिम कैबिनेट बैठक की करेंगे अध्यक्षता, शाम तक राज्यपाल को सौंप सकते हैं इस्तीफा
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने वर्तमान कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक के ठीक बाद वे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप देंगे, जिससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, आज सुबह होने वाली कैबिनेट बैठक में 17वीं विधानसभा को भंग करने की सिफारिश पर मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुंचेंगे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे। नई सरकार बनने तक वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
एनडीए की जीत के बाद दिल्ली में हुई बैठकों में मंत्रिपरिषद के फॉर्मूले पर सहमति बन चुकी है। अनुमान है कि नए मंत्रिमंडल में भाजपा से 15-16 मंत्री, जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से 14 मंत्री, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से 3 मंत्री, तथा हम और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी से एक-एक मंत्री शामिल हो सकते हैं। कुल मिलाकर 18-20 सदस्यीय मंत्रिपरिषद का गठन होने की संभावना है।
नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जो उनका दसवां शपथ ग्रहण समारोह होगा। एनडीए विधायक दल की बैठकें 18 और 19 नवंबर को आयोजित होने वाली हैं, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना जाएगा। इसके बाद वे राज्यपाल के समक्ष नई सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 19 या 20 नवंबर को आयोजित होने की संभावना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेता शामिल होंगे, जो एनडीए की एकजुटता का प्रतीक बनेगा। गांधी मैदान में सुरक्षा और सजावट की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, तथा यह एक भव्य शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

















