पलामू में सनसनी: पालिका बाजार में युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस
पलामू : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास पालिका बाजार में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान कांजी हाउस मोहल्ला निवासी समीर खलीफा उर्फ गुड्ड (36 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, समीर खलीफा पालिका बाजार के बरामदे में अपने साथियों के साथ बैठे थे। तभी तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने सीधे उन्हें निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। हमलावरों ने मौके पर दहशत फैलाने के लिए 5 से 6 राउंड फायरिंग भी की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। घटना के वक्त समीर के साथ इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू और एक अन्य युवक भी मौजूद थे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल समीर को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि समीर खलीफा लंबे समय से जमीन का कारोबार और बैग का थोक व्यापार करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बच्चियां हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस जमीन कारोबार से जुड़े विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
(अपडेट जारी…)
















