दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और व्यवस्था पर मंथन

सिमडेगा: दुर्गा पूजा-2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य व्यवस्था, विसर्जन और विधि-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 11 अक्टूबर को कलश स्थापना, 20 अक्टूबर को विजयादशमी और 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन होगा। गांधी मैदान में नए पूजा पंडाल के प्रस्ताव पर जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लेने की बात कही गई।

उपायुक्त ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंडाल समितियों को वॉलंटियर्स की सूची और उनके संपर्क नंबर प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया।

पूजा स्थलों और विसर्जन के दौरान पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और गृह रक्षकों की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कॉलेज मोड़ और महावीर चौक पर पेयजल टैंकर लगाने तथा खराब चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्देश भी दिया गया।

प्रतिमा विसर्जन को लेकर विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तैराकों एवं गोताखोरों की तैनाती के साथ चिकित्सक दल और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने, खराब हाईमास्ट और वेपर लाइट की मरम्मत तथा जुलूस मार्ग में ढीले बिजली तारों को ठीक कराने का निर्देश दिया गया। रावण दहन स्थल के आसपास भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया।

पूजा से पहले सड़कों और गड्ढों की मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया। डीसी ने सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने और किसी भी भ्रामक सामग्री की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में पूजा पंडालों में रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजाने और अश्लील या भड़काऊ गीत नहीं चलाने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। विजयादशमी के दिन शराब दुकानें बंद रहेंगी, वहीं अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी।

बैठक में डीडीसी दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, डीएसपी रणवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, थाना प्रभारी, पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों में CCTV और तय रूट से होगा विसर्जन
निर्मल सिंह गुमला: दुर्गा पूजा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बुधवार को गुमला थाना परिसर में जिला…

टीम इंडिया पहुंची रांची, 9 अक्टूबर को वेस्टइंडीज से भिड़ंत; खिलाड़ियों की एक झलक को उमड़े क्रिकेट प्रेमी
रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का…
















