कोडरमा से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संवाद कार्यक्रम की शुरुआत, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

कोडरमा : “मातृ पोषण की डोर, उज्ज्वल भविष्य की ओर” थीम के साथ शनिवार को कोडरमा से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। झूमरी तिलैया स्थित शिव वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बरकट्ठा विधायक अमित यादव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया, गर्भवती महिलाएं और किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम के दौरान गर्भधारण से लेकर शिशु के जीवन के पहले 1000 दिनों के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और सशक्त भारत के निर्माण में शुरुआती 1000 दिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता और उसके लाभों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमित यादव ने कहा कि बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन उसके भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि यही वह समय है, जहां से नई कहानी, नई पहचान और उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत होती है।

वहीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और इससे जुड़ी जनजागरूकता गतिविधियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। योजना के प्रभाव से मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी आई है तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य जांच और समय पर देखभाल के प्रति जागरूक रहने का भी संदेश दिया गया।















