राहुल गांधी का बर्लिन में बड़ा बयान: ‘भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा, संस्थाओं पर BJP का कब्जा’
बर्लिन : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हर्टी स्कूल (Hertie School) में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत में लोकतंत्र की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी देश की संस्थाओं पर कब्जा कर रही है और इनका राजनीतिक फायदे के लिए दुरुपयोग कर रही है। राहुल गांधी ने चुनावों की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में चुनाव निष्पक्ष नहीं रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राहुल गांधी ने ‘पॉलिटिक्स इज द आर्ट ऑफ लिसनिंग’ विषय पर आयोजित चर्चा में कहा, “भारत में लोकतंत्र पर बड़े पैमाने पर हमला हो रहा है। बीजेपी ने संस्थागत ढांचे पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है। हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे, बल्कि इन संस्थाओं के कब्जे से लड़ रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने कभी इन संस्थाओं का दुरुपयोग नहीं किया, लेकिन बीजेपी इनका इस्तेमाल अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए कर रही है।
कांग्रेस नेता ने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनावों का जिक्र करते हुए कहा, “हमने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीते हैं, लेकिन हरियाणा में हमने साफ तौर पर जीत हासिल की थी, जिसे हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूतों के साथ दिखाया। महाराष्ट्र में भी चुनाव निष्पक्ष नहीं थे।” उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में एक ब्राजीलियाई महिला का नाम कई बार शामिल था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा, “हमारा मानना है कि भारत की चुनावी मशीनरी में बुनियादी समस्या है।”
राहुल गांधी ने भारतीय संविधान पर भी बीजेपी को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी संविधान को खत्म करने की सोच रखती है, जो सभी को समान अधिकार देता है। “यह लड़ाई अब सिर्फ चुनाव की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद – ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ – को बचाने की है।”
राहुल गांधी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा और जटिल लोकतंत्र है, जो वैश्विक संपत्ति है। “भारत में लोकतंत्र पर हमला सिर्फ भारत पर नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोकतंत्र पर हमला है।”
यह संबोधन राहुल गांधी के जर्मनी दौरे का हिस्सा था, जहां उन्होंने छात्रों और शिक्षाविदों से बातचीत की। कांग्रेस ने इस संबोधन का एक घंटे लंबा वीडियो सोमवार को जारी किया।
बीजेपी ने राहुल गांधी के बयानों की आलोचना की है और इसे विदेशी धरती पर देश की बदनामी करने का प्रयास बताया। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का मुद्दा कहीं भी उठाया जा सकता है।
















