चतरा में बारिश का कहर: बाढ़ से बिगड़े हालात, घरों में घुसा पानी, सड़कें-पुल बाधित
चतरा में बारिश का कहर: बाढ़ से बिगड़े हालात, घरों में घुसा पानी, सड़कें-पुल बाधित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चतरा, 22 अगस्त : गुरुवार की मध्य रात्रि से चतरा जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले की कई नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों के गांवों में बाढ़ का पानी घरों तक घुस गया है। कई स्थानों पर घुटनों तक जलजमाव की स्थिति है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
कान्हाचट्टी प्रखंड में सबसे बुरा हाल
सबसे ज्यादा प्रभावित कान्हाचट्टी प्रखंड में हालात बेहद गंभीर हैं। मुख्य सड़कें और पुल-पुलिया पानी में डूब गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। कच्चे मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है, कई परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों के सामने सुरक्षित ठिकाने और पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन की सुस्ती पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो हालात और भयावह हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर राहत कार्यों में देरी का आरोप लगाया है। अभी तक न तो राहत शिविर स्थापित किए गए हैं और न ही पीने के पानी व भोजन की कोई ठोस व्यवस्था दिख रही है।

मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने का खतरा है। जिला प्रशासन से अपील की जा रही है कि तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं, प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

















