रामगढ़ के भूरकुंडा में पुलिस-गिरोह मुठभेड़: राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य सनी सिंह घायल,गिरफ्तार
रामगढ़ के भूरकुंडा में पुलिस-गिरोह मुठभेड़: राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य सनी सिंह घायल,गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आकाश शर्मा /रामगढ़
रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के भूरकुंडा क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी में गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह (निवासी ग्राम रैलीगढ़ा) के दाहिने पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी पतरातू बाल-बाल बच गए।
घटना का विवरण
राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ गठित एसआईटी टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भूरकुंडा-पतरातू क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है और अपने साथियों के साथ कोई बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।सूचना के आधार पर भूरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापेमारी शुरू की गई। इसी दौरान भूरकुंडा स्थित दुमुहाना (दुमहान) मंदिर के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।छापेमारी के दौरान अज्ञात अपराधी ने पुलिस की गाड़ी देखते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी पतरातू की गाड़ी के शीशे और बंपर में लग गई। थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने तत्काल जवाबी फायरिंग की, जिसमें अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ पर उसने अपना नाम सनी सिंह, ग्राम रैलीगढ़ा निवासी बताया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
घटनास्थल पर सनी सिंह के पास से दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया गया। घायल सनी सिंह को मौके पर ही प्राथमिक उपचार (बैंडेज) देकर तुरंत सीसीएल अस्पताल भूरकुंडा भेज दिया गया।पुलिस ने सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। एसआईटी टीम राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगी हुई है।
जाहिर है की यह घटना राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का हिस्सा है। गिरोह हाल के महीनों में रामगढ़, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में रंगदारी, लेवी वसूली और फायरिंग की कई घटनाओं में सक्रिय रहा है।
















