रांची में राजद का शक्ति प्रदर्शन, तेजस्वी यादव का भव्य स्वागत
रांची : रांची में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। राजधानी स्थित कार्निवल हॉल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में पार्टी नेता तेजस्वी यादव के पहुंचते ही माहौल उत्साह और जोश से भर गया।
कार्यक्रम में तेजस्वी यादव का स्वागत झारखंडी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा और तोरणद्वारों से सजी राजधानी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने आत्मविश्वास से भरे अंदाज में कहा कि झारखंड की राजनीति में राजद को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 7 में से 4 सीटें जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
उन्होंने गठबंधन सहयोगियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि राजद को और सीटें मिलतीं, तो चुनाव परिणाम और भी चौंकाने वाले होते। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह संकेत दे रहा था कि आने वाले समय में झारखंड की राजनीति में राजद अपनी भूमिका और मजबूत करने की तैयारी में है।


















