रांची पुलिस ने रंगदारी मांगने और बम विस्फोट मामले में दो अपराधियों को किया गिरफ्तार, बम बनाने की सामग्री बरामद

रांची पुलिस ने रंगदारी मांगने और बम विस्फोट मामले में दो अपराधियों को किया गिरफ्तार, बम बनाने की सामग्री बरामद

Share
Link copied

रांची : ठाकुरगांव थाना क्षेत्र में रंगदारी की मांग और बम विस्फोट की घटना को लेकर रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल रहीम उर्फ पप्पू और मोजीब अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और बम बनाने की सामग्री बरामद की है।

घटना की शुरुआत 3 नवंबर 2025 को हुई, जब बसरी गांव के एक व्यवसायी ने ठाकुरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। व्यवसायी ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने उसके मोबाइल पर कॉल कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसके घर के सामने बम विस्फोट किया गया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। अपराधियों ने रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलते ही थाने में कांड संख्या 70/2025 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 308(2)/308(4)/3(5) बीएनएसएस और 4/5 विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पता चला कि अपराधी रंगदारी की रकम लेने के लिए व्यवसायी को ठाकुरगांव-पिठौरिया रोड पर शाम के समय बुलाया गया था। पुलिस ने गोपनीय तरीके से क्षेत्र की घेराबंदी कर अब्दुल रहीम उर्फ पप्पू को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से रंगदारी मांगने वाला मोबाइल और टीवीएस राइडर बाइक बरामद हुई।

पप्पू की निशानदेही पर भाटबोड़ेया गांव के करबला मुहल्ला के उत्तर जंगल से बम बनाने की सामग्री, बारूद, डिब्बे और विस्फोट के अवशेष बरामद किए गए। इसके बाद सुबह के समय दूसरे आरोपी मोजीब अंसारी को उसके मोबाइल और कांड में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्रो बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। अब्दुल रहीम उर्फ पप्पू मूल रूप से धनबाद का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में ससुराल पिठौरिया थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने घटना में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की तैयारी की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow