सुदिव्य सोनू के ‘धूर्तता’ वाले बयान पर राजद का तीखा प्रहार, कैलाश यादव बोले- अपशब्दों से गठबंधन की भावना को ठेस

रांची : झारखंड सरकार के मंत्री एवं झामुमो नेता सुदिव्य सोनू के द्वारा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं को ‘धूर्त’ कहे जाने पर प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कड़ी आपत्ति जताई है। यादव ने इसे न केवल आपत्तिजनक बल्कि अत्यंत पीड़ादायक बताया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में एहसान का शब्द अनुचित है और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव देश के सबसे बड़े सेक्युलर एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता हैं।

प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा, “झारखंड सरकार के मंत्री शुदिव्य सोनू द्वारा राजद नेताओं को धूर्तता का शब्द प्रयोग करना बेहद निंदनीय है। यह बयान गठबंधन की भावना को आहत करता है और राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन है।” यादव ने स्पष्ट किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद सबसे ताकतवर और बड़ी पार्टी है, जबकि इंडिया गठबंधन के नेता तेजस्वी यादव हैं। बिहार में मुख्य मुकाबला राजद गठबंधन और एनडीए के बीच है।

यादव ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा, “झामुमो प्रमुख एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजद के दिल में हमेशा सम्मानित नेता रहेंगे। बिहार चुनाव में झामुमो को सीट शेयरिंग में जगह न मिलना निश्चित रूप से अफसोसजनक है, लेकिन इसकी आड़ में राजद नेताओं को अपशब्दों से नवाजना अत्यंत निंदनीय है।

राजद प्रवक्ता ने बिहार की राजनीतिक स्थिति पर भी प्रकाश डालते हुए कहा, “इस बार बिहार में परिवर्तन निश्चित है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद गठबंधन की सरकार बनना तय है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव देश के सबसे बड़े सामाजिक न्याय एवं सेक्युलर प्रणेता हैं। राजद किसी भी हाल में बिहार में बीजेपी को सत्ता में आने से रोकेगी।”


















