धुर्वा से लापता जुड़वां भाइयों की तलाश तेज, सूचना देने वाले को मिलेगा 50 हजार रुपये का इनाम

रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए 12 वर्षीय जुड़वां भाइयों करण शर्मा और अर्जुन शर्मा की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। दोनों बच्चे बीते 1 जून से लापता हैं और अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चों को आखिरी बार 3 जून को हटिया रेलवे स्टेशन के बाहर देखा गया था। इसके बाद से उनके संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार विभिन्न स्थानों पर जांच और खोजबीन कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बच्चों का पता लगाने में आम लोगों की मदद लेने के लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। करण और अर्जुन के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये नगद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा धुर्वा थाना को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
गौरतलब है कि जुड़वां भाइयों के लापता होने से परिजन बेहद परेशान हैं और लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं पुलिस भी बच्चों की तलाश में हर संभव प्रयास कर रही है।
















