धनबाद में सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान संपन्न, 100 पौधे लगाए गए

धनबाद : ओलम्पिक दिवस के अवसर पर धनबाद जिला ओलम्पिक संघ द्वारा आयोजित सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 23 जून से पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली के साथ शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर कुल 100 पौधे लगाए गए।
अभियान के अंतिम दिन आमाघाटा स्थित क्रेडो वर्ल्ड स्कूल परिसर में 10 फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या शर्मीला सिन्हा, धनबाद जिला ओलम्पिक संघ के महासचिव रंजीत केशरी, उपाध्यक्ष अशित सहाय, कोषाध्यक्ष पवन कुमार बरनवाल, खेल विभागाध्यक्ष राहुल कुमार सहित विद्यालय के बच्चों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में खेल शिक्षक कार्तिक बाग, सुप्रिया, समृद्धि कुमारी और हर्षित चोखानी भी मौजूद रहे।
इस मौके पर प्राचार्या शर्मीला सिन्हा ने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
धनबाद जिला ओलम्पिक संघ ने बताया कि भारतीय ओलम्पिक संघ और झारखंड ओलम्पिक संघ के दिशानिर्देश पर आयोजित इस अभियान में जिले के कई शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों का सहयोग मिला। अभियान के दौरान दून पब्लिक स्कूल, संत ज़ेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल नावाडीह, मोंटफोर्ट अकादमी (राजगंज एवं आमाघाटा शाखा), डीएवी मॉडल स्कूल सीएफआरआई, जेएनएमएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिगवाडीह, लाइट हाउस रिसोर्ट, राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर तथा क्रेडो वर्ल्ड स्कूल के सहयोग से कुल 100 पौधों का रोपण किया गया।

















