रांची में SFI-DYFI का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका

रांची: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के समर्थन में सोमवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) ने रांची के फिरायालाल चौक पर विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी, आंदोलनकारी छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देशभर के छात्र और युवा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और अन्य परीक्षा घोटालों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भी आलोचना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा के निजीकरण और केंद्रीकरण को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
कार्यक्रम में डीवाईएफआई के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय पासवान, राज्य संयोजक मोहन मंडल, कपिल महतो तथा एसएफआई के राज्य संयोजक दानिश, सोनाली कुमारी, श्रीचरण कुनाई समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















