सिमडेगा में ईद-उल-फितर धूमधाम से मनाई गई: ईदगाह और मस्जिदों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन की दुआएं मांगीं
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में मुस्लिम समुदाय ने बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ ईद-उल-फितर मनाया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों तथा मस्जिदों में निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई, जहां लोगों ने मुल्क की अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआएं मांगीं।
सुबह साढ़े आठ बजे शहर के मुख्य ईदगाह में खैरनटोली के ईमाम मौलाना हाफिज तौफीक की अगुवाई में नमाज अदा हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं। नए कपड़ों में सजे बच्चे खासे उत्साहित नजर आए, जबकि मुस्लिम बहुल इलाकों में खुशी का माहौल छाया रहा। दिन भर दावतों और मिलन-जुलन का सिलसिला जारी रहा।
ईदगाह में मस्जिदों की तुलना में ज्यादा भीड़ उमड़ी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसपी श्रीकांत एस खोटरे खुद मौके पर मौजूद रहे और मोर्चा संभाले। एसडीओ ज्ञानी, डीएसपी हेडक्वार्टर रणविजय सिंह, एसडीपीओ बैजू उरांव, मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी रोहित रजक सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल उर्फ रिंकू, वार्ड पार्षद मोहम्मद हीरू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाज के बाद सभी से गले मिलकर ईद मुबारक कहा और खुशियां बांटीं।

















