सिमडेगा नगर परिषद चुनाव: लोकतंत्र का महापर्व कल, पोलिंग पार्टियां रवाना, सभी तैयारियां पूरी – मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में नगर की सरकार बनाने की प्रक्रिया कल यानी 23 फरवरी को शुरू हो जाएगी। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा। इस दौरान शहर के 37 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
रविवार को जिला मुख्यालय स्थित सिमडेगा कॉलेज में बने डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री, मतपेटिकाएं और अन्य दस्तावेज वितरित किए गए। कर्मियों ने लिस्ट के अनुसार सामग्री का मिलान किया और पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने-अपने क्लस्टर के लिए प्रस्थान किया।
डिप्टी कमिश्नर (डीसी) सिमडेगा कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीकांत एस खोटरे ने मतदान कर्मियों को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्षता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना के लिए कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। मतदान दिवस पर बूथ पर समय से पहुंचने और क्लस्टर से एक साथ वापस रिसीविंग सेंटर लौटने की हिदायत दी गई।
डीसी कंचन सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। असमर्थ और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध रहेगी। आंगनबाड़ी सेविकाओं और चौकीदारों की भी नियुक्ति की गई है ताकि मतदाताओं को कोई असुविधा न हो।
मतदान केंद्रों में मोबाइल फोन, ज्वलनशील पदार्थ (दिया-सलाई आदि) और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। मतदाताओं को मतदान केंद्र के बाहर चुनाव कर्मियों के पास मोबाइल जमा करवाकर ही अंदर प्रवेश करना होगा।
डीसी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बिना किसी दबाव, लोभ या प्रलोभन के बढ़-चढ़कर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। एसपी ने पुलिस कर्मियों को संयमित रहकर चुनावी कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

















