सिमडेगा नगर परिषद में नई सरकार का भव्य स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने संभाली जिम्मेदारी
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा नगर परिषद के चुनाव में जीत हासिल करने के बाद नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने आज पहली बार नगर परिषद कार्यालय में प्रवेश किया, जहां उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने दरवाजे पर खड़े होकर सभी का अभिनंदन किया।
कार्यालय में प्रवेश के दौरान भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला। नगर उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल उर्फ रिंकू ने माथा टेककर अपने इष्ट देव को नमन किया और भावुक हो उठे। वहीं नगर अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा ने प्रभु का आभार व्यक्त करते हुए कार्यालय में प्रवेश किया। सभी वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने इष्ट देव को याद कर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत की।
इस मौके पर उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल अपने स्वर्गीय पिता ओमप्रकाश अग्रवाल को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह उनके पिता के सपनों को पूरा करने का क्षण है। पत्रकारिता से सार्वजनिक जीवन में आए दीपक अग्रवाल ने पहले चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव पद पर जीत दर्ज की थी और अब पहली ही कोशिश में उपाध्यक्ष बनकर चर्चा में हैं।
नगर परिषद की राजनीति में कई दिलचस्प मुकाबले भी चर्चा में रहे। उपाध्यक्ष पद की दौड़ में महज एक वोट से हारने वाले कुलदीप किंडो तीसरी बार वार्ड सदस्य बने हैं। वहीं पूर्व सैनिक चंदन डे, जो लगातार चार बार उपाध्यक्ष बनने की कोशिश में थे, इस बार वार्ड सदस्य के रूप में चुने गए हैं। उनकी प्रशासनिक समझ और आरटीआई एक्टिविस्ट की छवि से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
इसके अलावा, कई परिवारों की राजनीतिक विरासत भी जारी रही। कुंज नगर से रामजी यादव के परिवार ने फिर जीत दर्ज की, जहां उनकी पत्नी वैजयंती देवी ने भारी मतों से जीत हासिल की। संलडेगा क्षेत्र में अरुण सिंह की पत्नी सुनीता देवी ने दूसरी बार वार्ड पार्षद बनकर जनता का विश्वास कायम रखा।
पहली बार चुनाव लड़कर रिशमाला देवी ने शानदार जीत हासिल की, वहीं वार्ड सदस्य गोरेटी की लगातार चौथी निर्विरोध जीत भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अंत में सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर सिमडेगा नगर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

















