सिमडेगा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्कर 4 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोहम्मद अर्शी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रणवीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने खमनटांड़ चेकनाका, बांसजोर में वाहन जांच के दौरान झारसुगुड़ा से गया जा रही OSRTC बस (रजि. नं. OD 02 CW 3831) से तीन तस्करों को पकड़ा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कैलाश चंद्र सुरीन (25 वर्ष, देवगढ़, ओडिशा), पवनदीप सिंह (28 वर्ष, राउरकेला, ओडिशा), और अनिमेश कुमार महतो (28 वर्ष, राउरकेला, ओडिशा) के रूप में हुई है। इनके पास से बैग में लगभग 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे राउरकेला के पावर हाउस से गांजा लेकर रांची बेचने जा रहे थे।
एसपी अर्शी ने बताया कि इस मामले में जलडेगा बांसजोर ओपी थाना में कांड संख्या 50/25, दिनांक 05.07.25, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिमडेगा पुलिस अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापामारी और जागरूकता अभियान चला रही है। तस्करी के सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए दोनों छोर पर अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।

















