दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, 10 सेकंड तक कांपी धरती
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह 9:04 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मापी गई, और इसका केंद्र हरियाणा के झज्जर में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के झटके लगभग 10 सेकंड तक महसूस किए गए, जिससे लोग दहशत में अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, जींद, बहादुरगढ़, शामली, मेरठ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए। सुबह के समय अचानक धरती के हिलने से लोग डर गए, और कई जगहों पर ऑफिस व घरों में रखे सामान हिलते देखे गए।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि आज सुबह 9:04:50 बजे, 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र झज्जर, हरियाणा में था।
फिलहाल, इस भूकंप से किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय जोन IV में आता है, जो मध्यम से तीव्र भूकंप के लिए संवेदनशील है। हाल के महीनों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसने भविष्य में बड़े भूकंप की आशंका को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

















