आषाढ़ पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक भाजपा चलाएगी ‘संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’, प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला: संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक देशभर में “समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी। इस अभियान के तहत संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मंगलवार को गुमला के होटल बिदेश में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अनूप चंद्र अधिकारी ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष सागर उरांव, निवर्तमान अध्यक्ष विनय कुमार लाल, महामंत्री संदीप प्रसाद तथा वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश राम मौजूद रहे।
अनूप चंद्र अधिकारी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास केवल एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी क्रांति और अब्राहम लिंकन से सदियों पहले गुरु रविदास ने समानता और समरसता का संदेश दिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु रविदास का दर्शन ही “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना का आधार है।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जबकि वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 11 हजार दीप जलाने की योजना है।

इसके अलावा 29 जुलाई से 10 सितंबर तक “कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 21 हजार कलश देशभर के प्रदेश, जिला और गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे।
भाजपा द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी तक “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। वहीं, 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावासों में “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत जूनागढ़, सागर, चित्तौड़गढ़, श्री खुरालगढ़ साहिब और दिल्ली स्थित गुरु रविदास मंदिरों के विकास का भी संकल्प लिया गया है। इसके सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर आयोजन समितियों एवं टोलियों का गठन किया जाएगा।
भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू के निर्देश पर गुमला जिला में भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
















