झारखंड भाजपा ने 595 मंडलों में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, नेताओं-कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक योगाभ्यास

रांची : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा ने राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रदेशभर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास कर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Aditya Prasad Sahu ने रांची महानगर स्थित गामा सिंह स्मृति सभागार में योगाभ्यास किया, जबकि नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi ने रांची के ऑक्सीजन पार्क में योग किया। पूर्व मुख्यमंत्री Arjun Munda ने जमशेदपुर के घोड़ाबांधा, Raghubar Das ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर, Champai Soren ने धुर्वा, तथा पूर्व मुख्यमंत्री Madhu Koda ने चाईबासा के जगन्नाथपुर में योगाभ्यास किया।
इसके अलावा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री Annapurna Devi, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth, विधानसभा के मुख्य सचेतक Naveen Jaiswal सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
योगाभ्यास के बाद प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष जैसे चारों पुरुषार्थों की सिद्धि में सहायक जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है।
वहीं ऑक्सीजन पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ का संदेश दिया था और आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग करने की अपील की।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू स्थित पटेल पार्क में योगाभ्यास के बाद कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने सभी से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

















