जंगल में बोरे में बंद अज्ञात युवक की सड़ी-गली लाश मिली, पुलिस जांच में जुटी
सिमडेगा : ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के घोड़ी टोली और लता पानी गांवों के बीच स्थित बसईरकोचा जंगल में एक अज्ञात युवक की सड़ी-गली लाश बोरे में बंद मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने जब बोरा खोला तो शव से तेज दुर्गंध फैल रही थी। शव पूरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू कर दी है।
ठेठईटांगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। आसपास के गांवों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत थाने से संपर्क करें।

















