बोरे में मिले युवक के शव की हुई पहचान, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

बोरे में मिले युवक के शव की हुई पहचान, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

Share
Link copied

झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसईरकोचा जंगल में 12 जून को एक बोरे में बंद सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। रविवार, 15 जून को शव की पहचान बाँस पहाड़ गाँव निवासी सुशील बा के रूप में हुई। पुलिस को प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े हत्या के संकेत मिले हैं।

घोड़ी टोली और लतापानी गाँव के बीच जंगल में स्थानीय लोगों ने दुर्गंध महसूस कर बोरे में बंद शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिमडेगा सदर अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया। शव की स्थिति से अनुमान लगाया गया कि मौत कई दिन पहले हुई होगी।

मृतक की माँ ने प्रखंड प्रमुख की मौजूदगी में मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि सुशील की पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसका पड़ोस के गाँव की एक महिला से प्रेम संबंध था। 6 जून को वह उसी महिला से मिलने गया था और तब से लापता था।

ठेठईटांगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। प्रेम प्रसंग के एंगल से छानबीन की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का कार्य जारी है। इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow