विशाखापट्टनम से सकुशल बरामद हुए सिमडेगा के तीन लापता नाबालिग, परिजनों को सौंपा गया

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : महाबुआंग थाना क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को सिमडेगा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए विशाखापट्टनम से सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित वापस लौटने से परिजनों में राहत और खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों नाबालिग 9 जून को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर महाबुआंग थाना में सनहा संख्या-20/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। लापता बच्चों में आकाश महतो (17 वर्ष), अंकित लोहरा (16 वर्ष) एवं हर्षित बड़ाइक (13 वर्ष) शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महाबुआंग थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ-साथ मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए खोज अभियान चलाया। जांच के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों बच्चे घूमने के उद्देश्य से विशाखापट्टनम चले गए हैं।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चों को विशाखापट्टनम से सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 14 जून को तीनों बच्चों को उनके माता-पिता को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
सिमडेगा पुलिस ने इस अवसर पर अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
















