three-tiger-cubs-born-tata-steel

जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन बाघ शावकों का जन्म, नाम सुझाने का मौका

Share
Link copied

दो मादा और एक नर शावक का जन्म, 19 अक्टूबर तक भेज सकते हैं नाम; विजेताओं को मिलेगा मुफ्त प्रवेश पास और यादगार उपहार

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर। जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघों के कुनबे में तीन नए सदस्य जुड़ गए हैं। यहां बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर की सुबह दो मादा और एक नर शावक को जन्म दिया। चिड़ियाघर प्रबंधन ने बुधवार को इसकी जानकारी साझा करते हुए शहर के लोगों से तीनों शावकों के नाम सुझाने की अपील की है।

चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार, शावकों के जन्म के बाद शुरुआती देखभाल और स्वास्थ्य की निगरानी की गई। निर्धारित पशु चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत यह जानकारी अब सार्वजनिक की गई है। तीनों शावकों के पिता का नाम रुद्र है, जिसे नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था।

एक शावक को लगी थी चोट, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को चोट लग गई थी। इसके बाद चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम ने तत्काल उपचार करते हुए उसके घाव पर टांके लगाए। प्रबंधन के मुताबिक, शावक की हालत में सुधार हो रहा है। फिलहाल उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है। उसे तत्काल खतरे से बाहर बताया गया है, लेकिन डॉक्टरों की कड़ी निगरानी जारी है। वहीं, बाकी दोनों शावक स्वस्थ बताए गए हैं। नर शावक का वजन करीब 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन लगभग 2.53 किलोग्राम है। तीनों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चिड़ियाघर में सीसीटीवी सर्विलांस की भी व्यवस्था है।

लोगों को नाम सुझाने का मौका

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने तीनों शावकों के नामकरण के लिए सार्वजनिक प्रतियोगिता शुरू की है। इसके तहत लोग प्रत्येक शावक के लिए एक नाम सुझा सकते हैं। यानी एक व्यक्ति को कुल तीन नाम भेजने होंगे।

नाम भेजने का तरीका:

WhatsApp या मैसेज: +91 9438291637
नाम भेजने की अंतिम तारीख: 19 अक्टूबर 2026
नामों का चयन: चिड़ियाघर की ओर से गठित पैनल करेगा।
विजेताओं को पुरस्कार: मुफ्त प्रवेश पास और यादगार उपहार (मोमेंटो) दिया जाएगा।

वन्यजीव संरक्षण से जुड़ने की पहल

चिड़ियाघर प्रबंधन को उम्मीद है कि जमशेदपुर के लोग इस पहल में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेंगे। नामकरण प्रतियोगिता के जरिए नागरिकों को न केवल बाघ परिवार के नए सदस्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

 

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।