श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 4 और 5 सितंबर को कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित

रांची: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 के अवसर पर रांची में आयोजित होने वाले झांकी एवं भजन संध्या-सह-दही हांडी प्रतियोगिता को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम को देखते हुए 4 सितंबर को झांकी और 5 सितंबर को भजन संध्या-सह-दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके मद्देनजर कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार 4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इनके लिए नो-एंट्री का समय पूर्ववत रहेगा।

वहीं छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के लिए भी कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है। फिरायालाल चौक से सुजाता चौक, प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक, जेल चौक से फिरायालाल चौक, मिशन चौक से सर्जना चौक और रतन पीपीओ से फिरायालाल चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

इसके अलावा करबला चौक से काली मंदिर/उल हाउस की ओर आने वाली सड़क पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो एवं सवारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन 4 और 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने कहा है कि आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है। शहरवासियों से अपील की गई है कि कार्यक्रम के दौरान विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें।

















