बेड़ो में दर्दनाक सड़क हादसा: मिर्चा लदा टेंपू पलटा, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

रांची : बेड़ो थाना क्षेत्र के पुरानापानी लापुंग मोड़ के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मिर्चा लदा एक सवारी टेंपू ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, टेंपू (संख्या- JH 01 CZ 9945) भरनो की ओर से बेड़ो आ रहा था। सुबह करीब 8 बजे पुरानापानी लापुंग मोड़ के पास चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपू सड़क पर पलट गया।
हादसे में टेंपू पर सवार सिसई मुरगु मेड़ियाटोली निवासी 29 वर्षीय सुखदेव उरांव गंभीर रूप से वाहन के नीचे दब गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं भरनो मदनपुर छप्परटोली निवासी सीताराम उरांव, सुका उरांव तथा एक अन्य सुखदेव उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ईटा पंचायत के पूर्व मुखिया बुधराम बाड़ा घटनास्थल पहुंचे और बेड़ो थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों सतवीर मिंज, प्रदीप बाड़ा, नईम हुसैन, बारीक खान, सोमरा उरांव, विकास ठाकुर समेत अन्य लोगों के सहयोग से घायलों को तत्काल बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इधर, सूचना मिलने पर बेड़ो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपू को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
इस दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















