अंडर-19 एशिया कप 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला आज, टीम इंडिया ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
दुबई : अंडर-19 एशिया कप 2025 का रोमांचक फाइनल आज भारत और पाकिस्तान के बीच ICC अकादमी ग्राउंड में खेला जा रहा है। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमें शानदार प्रदर्शन के साथ यहां तक पहुंची हैं, और अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ट्रॉफी कौन सी टीम अपने नाम करेगी। भारत इस टूर्नामेंट में अपना रिकॉर्ड 12वां खिताब जीतने की कोशिश करेगा, जबकि पाकिस्तान 2012 के बाद पहली बार चैंपियन बनने का सपना संजोए है।
ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जहां टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराकर दबदबा दिखाया था। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी, जबकि पाकिस्तान ने डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश को भी 8 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
टीम इंडिया के कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दुबई की पिच पर सुबह नमी का फायदा उठाने की रणनीति साफ नजर आ रही है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
भारत अंडर-19:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह।
पाकिस्तान अंडर-19:
समीर मिन्हास, उस्मान खान, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसन, नकाब शफीक, मोहम्मद शायान, अली रजा, अब्दुल सुभान, मोहम्मद सय्याम।
यह मुकाबला युवा क्रिकेट का महासंग्राम है, जहां दोनों टीमों के युवा सितारे अपनी प्रतिभा दिखाने को बेताब हैं। भारत की बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज जैसे नाम चमक रहे हैं, तो पाकिस्तान की गेंदबाजी में अली रजा और अब्दुल सुभान खतरा बने हुए हैं।


















