शास्त्री नगर में चापड़ से हमला, युवक गंभीर; पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-2 में गुरुवार देर रात चापड़ से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बाबा फर्नीचर और फारूकी मस्जिद के समीप हुई इस वारदात में कैफ खान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्थानीय लोगों की मदद से घायल कैफ खान को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल युवक के मामा शाहबाज आलम ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला पुरानी रंजिश को लेकर किए जाने की आशंका है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच में जुटी है।
इधर, जमशेदपुर में लगातार सामने आ रही चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हमले के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


















