धनबाद : झरिया में दो महिलाओं के साथ रहने की जिद का मामला काउंसलिंग से सुलझा, पीआर बांड के बाद अपने-अपने घर लौटीं
जिम में हुई थी मुलाकात, करीब दो महीने से चल रहा था विवाद; एसएसपी कार्यालय पहुंचने के बाद मामला झरिया थाना आया
धनबाद। झरिया में दो महिलाओं के बीच संबंध और साथ रहने की जिद का मामला पुलिस की काउंसलिंग के बाद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया। करीब 40 वर्षीय विवाहित महिला, जो दो बेटियों की मां है, और 25 वर्षीय युवती परिजनों की आपत्ति के बावजूद साथ रहने की इच्छा जता रही थीं। पुलिस की काउंसलिंग के बाद दोनों से पीआर बांड भरवाया गया और उन्हें उनके परिजनों के साथ अलग-अलग घर भेज दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, दोनों की मुलाकात झरिया के धर्मशाला रोड स्थित एक जिम में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मेल-जोल बढ़ता गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती अक्सर महिला को बाइक पर बैठाकर घुमाने ले जाती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

बताया जाता है कि करीब दो महीने पहले परिजनों को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार की ओर से दोनों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने फैसले पर कायम रहीं। 7 जुलाई को दोनों घर से निकल गई थीं और करीब दस दिन बाद वापस लौटीं। इसके बाद दोनों अपनी बात रखने के लिए धनबाद एसएसपी कार्यालय भी पहुंचीं। वहां से मामला झरिया थाना भेजा गया।
बुधवार सुबह दोनों एक बार फिर घर से निकलकर धनबाद एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा साथ रहने की अनुमति देने की मांग की। दूसरी ओर, उनके परिजन भी एसएसपी कार्यालय पहुंच गए और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद मामला झरिया थाना भेज दिया गया।
झरिया थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर काफी देर तक काउंसलिंग की। परिजन दोनों को अलग-अलग घर ले जाना चाहते थे, जबकि दोनों महिलाएं साथ रहने की अपनी इच्छा पर अड़ी थीं। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और दोनों महिलाओं से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। पुलिस ने दोनों से पीआर बांड भरवाया और उन्हें उनके परिजनों के साथ अलग-अलग घर भेज दिया। महिला अपनी दोनों बेटियों के पास वापस लौट गई।
पुलिस के अनुसार, मामले का निपटारा आपसी सहमति और काउंसलिंग के माध्यम से किया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है।


















