अंश–अंशिका को खोजने वाले साहसी युवाओं को सुदेश महतो ने किया सम्मानित

अंश–अंशिका को खोजने वाले साहसी युवाओं को सुदेश महतो ने किया सम्मानित

Share
Link copied

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने रांची के धुर्वा क्षेत्र से 2 जनवरी को लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को सकुशल बरामद करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया।

यह सम्मान समारोह आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, रांची में आयोजित किया गया। श्री महतो ने इन युवाओं की जमकर सराहना की और कहा कि समाज में ऐसे जागरूक, संवेदनशील और साहसी लोग ही वास्तविक बदलाव लाते हैं। उन्होंने इनकी सक्रिय भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों की तलाश में इनकी मेहनत और जिम्मेदारी ने न केवल परिवार को राहत दी, बल्कि पूरे समाज को एकजुटता का संदेश दिया।

सुदेश महतो ने इन युवाओं के साहस, जिम्मेदारी और मानवता की भावना को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी पहलों को प्रोत्साहित करना समाज की सुरक्षा और एकता के लिए बेहद आवश्यक है। इससे पुलिस को भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है। उन्होंने पुलिस से अपील की कि ऐसे साहसी योद्धाओं के प्रति उदारता और बड़ा दिल दिखाया जाए।

इस अवसर पर सुदेश महतो ने बच्चों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि बच्चों की सुरक्षित वापसी पूरे राज्य के लिए बड़ी राहत की बात है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि लापता बच्चों के मामलों में त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और प्रभावी सिस्टम सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

जिन युवाओं को सम्मानित किया गया उनमें डब्लू साहू, सचिन प्रजापति, सन्नी नायक, सुनील प्रजापति, अंशु दांगी, राकेश दत्ता, भानु मुखिया, दिवाकर नायक और महादेव जायसवाल शामिल हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow