झारखंड सरकार और नवीन जिंदल समूह के बीच इस्पात, स्वच्छ ऊर्जा एवं कौशल विकास में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक
लंदन : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लंदन में नवीन जिंदल समूह के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यह बैठक 2 जनवरी को रांची में नवीन जिंदल के साथ हुई चर्चा को आगे बढ़ाने और दोनों पक्षों के बीच सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में मुख्य रूप से इस्पात उद्योग (स्टील), स्वच्छ ऊर्जा, बिजली ढांचा, कौशल प्रशिक्षण और सतत विकास जैसे क्षेत्रों पर विस्तृत बातचीत हुई। नवीन जिंदल समूह ने झारखंड में इन क्षेत्रों में संभावित निवेश की रुचि जताई। यह कदम भारत की कम कार्बन अर्थव्यवस्था और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक के दौरान राज्य में सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए दोनों पक्षों के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया। नवीन जिंदल समूह ने झारखंड सरकार की मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना की सराहना की और उच्च शिक्षा तथा कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग की इच्छा जताई।
इसके तहत जिन बिंदुओं पर सहमति बनी उनमें झारखंड के युवाओं के लिए छात्रवृत्ति सहायता और प्रशिक्षण कार्यक्रम, कौशल शिक्षा एवं क्षमता निर्माण योजनाओं का विस्तार, संस्थानों की क्षमता बढ़ाकर बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना शामिल है।
यह सहयोग झारखंड में नए रोजगार सृजन, हरित ऊर्जा को बढ़ावा और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में मील का पत्थर साबित होगा। राज्य सरकार और नवीन जिंदल समूह के बीच यह साझेदारी औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण को मजबूत करेगी।

















