20260109 203732

सिमडेगा: दीपक पुरी बने भाजपा जिला अध्यक्ष, संगठन में दिखी पूर्ण एकजुटता

शंभू कुमार सिंह

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सिमडेगा जिला संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठनात्मक प्रक्रिया के अंतर्गत दीपक पुरी को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष चुना गया है। नए अध्यक्ष के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिसने संगठन की मजबूत एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में चुनाव प्रभारी किशलय तिवारी और चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह लोकतांत्रिक और संगठनात्मक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न कराया। चुनाव प्रभारी किशलय तिवारी ने कहा कि जिला अध्यक्ष की भूमिका पार्टी संगठन को मजबूत करने में बेहद महत्वपूर्ण होती है। दीपक पुरी के नेतृत्व में सिमडेगा भाजपा और अधिक सशक्त बनेगी।

चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश कुमार ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की एकता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दीपक पुरी सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष दीपक पुरी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, चुनाव प्रभारी और पर्यवेक्षक के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर दिखाया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आपसी एकता बनाए रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बधाई के कर-कमलों से हुई। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर जिले के सभी भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा जेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने दीपक पुरी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। पूरे आयोजन में संगठनात्मक अनुशासन और उत्साह का वातावरण रहा, जो यह दर्शाता है कि सिमडेगा जिला भाजपा नई ऊर्जा और मजबूती के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।

Share via
Share via