सिमडेगा में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत, क्षेत्र में दहशत

सिमडेगा में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत, क्षेत्र में दहशत

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले के घुटबहार गांव में मंगलवार की सुबह जंगली हाथियों ने आतंक मचाया, जिसके परिणामस्वरूप एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नमन जोजो के रूप में हुई है।

मृतक के दामाद शीतल कांडुलना ने बताया कि सुबह के समय जंगली हाथियों के गांव में घुसने की सूचना मिलने पर नमन जोजो उन्हें देखने के लिए निकला था। इसी दौरान एक हाथी ने उसे दौड़ा लिया। भागने के प्रयास में नमन झाड़ियों में फंस गया, जहां हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे तुरंत सिमडेगा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद कोलेबिरा विधायक के प्रतिनिधि रावेल लकड़ा ने सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। रावेल लकड़ा ने कहा कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का आवागमन बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों की जान और फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि विधायक विक्सल कौगाड़ी ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया है और क्षेत्रवासियों को हाथियों के हमलों से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जंगली हाथियों को नियंत्रित करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय किए जाएं।

वन विभाग ने पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया है, और क्षेत्र में हाथियों की निगरानी के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow