लावारिस इनोवा से 108 किलो गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोलेबिरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक लावारिस इनोवा कार से 108.328 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा को 105 पैकेट में रखा गया था। पुलिस ने इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बुधवार को एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमडेगा की ओर से कोलेबिरा की दिशा में गांजा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोलेबिरा थाना पुलिस ने वन विभाग चेकनाका के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान चेकनाका से करीब 100 मीटर पहले दंत चिकित्सक डॉ. एम. जे. अंजुम के क्लीनिक के सामने एक सफेद रंग की इनोवा कार (ओआर05एयू-7076) लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने वाहन को निगरानी में रखा, लेकिन काफी देर तक कोई व्यक्ति वाहन पर अपना दावा करने नहीं पहुंचा।
इसके बाद 11 अगस्त 2026 को राजपत्रित पदाधिकारी, थाना पुलिस पदाधिकारियों और चौकीदारों की मौजूदगी में नियमानुसार वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से चार प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए। बोरों में मटमैले रंग के सेलो टेप से लिपटे कुल 105 पैकेट मिले, जिनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 108.328 किलोग्राम निकली।

पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 47/2026, दिनांक 11 अगस्त 2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(C)/22(C) एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप किसकी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। प्रारंभिक तौर पर मामले में अंतरराज्यीय तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
















