20250830 222307

विशेष लोक अदालत में 7 मामलों का निष्पादन, 2.10 लाख की वसूली

शंभू कुमार सिंह 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में कुल सात मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 2,10,000 रुपये की वसूली हुई। इस आयोजन का नेतृत्व प्रधान जिला जज सह प्राधिकार अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा ने किया। मामलों के निष्पादन के लिए चार बेंचों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न प्रकार के मामलों का समाधान किया।

विशेष लोक अदालत में चेक बाउंस से संबंधित एक मामले में 2,10,000 रुपये की वसूली की गई, जबकि भू-राजस्व से जुड़े 6 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके साथ ही मासिक लोक अदालत में भी आपसी समझौते के आधार पर मामलों का समाधान हुआ। इसमें 12 सुलह योग्य आपराधिक मामलों के निष्पादन से 57,200 रुपये और बिजली से संबंधित 14 मामलों के समाधान से 1,14,000 रुपये की वसूली की गई।

प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम ने बताया कि विशेष लोक अदालत का उद्देश्य सुलह और समझौते के माध्यम से मामलों को कम खर्च और त्वरित गति से सुलझाना है। यह आयोजन न केवल नागरिकों को त्वरित न्याय प्रदान करता है, बल्कि न्यायालयों पर दबाव को भी कम करता है। इस दौरान एनआई एक्ट, पारिवारिक मामले, सड़क दुर्घटना और भू-राजस्व से संबंधित मामलों का समाधान किया गया।

बेंचों में शामिल सदस्यों में पहले बेंच में एडीजे नरंजन सिंह, अधिवक्ता कैलाश प्रसाद और संत प्रसाद सिंह, दूसरे बेंच में सीजेएम निताशा बारला, अधिवक्ता प्रेमानंद शील तोपनो और अनुपा खलखो, तीसरे बेंच में एसडीजेएम सुमी वीणा होरो, अधिवक्ता कोमल दास और लुदमबाहा सांगा, तथा चौथे बेंच में स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव, सदस्य लक्ष्मी कांत प्रसाद और प्रिय रंजन कुमार शामिल थे।

Share via
Share via