एयर इंडिया ने AI171 फ्लाइट नंबर को बदला: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद लिया गया बड़ा फैसला
अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 12 जून 2025 को हुए दुखद विमान हादसे के बाद, एयर इंडिया ने अपनी फ्लाइट AI171 का नंबर स्थायी रूप से बदलने का ऐलान किया है। इस हादसे में 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित जमीन पर 28 लोगों की जान चली गई। अब इस रूट पर उड़ान भरने वाली फ्लाइट को AI159 नंबर दिया गया है। यह निर्णय पीड़ितों के प्रति सम्मान और यात्रियों के मनोबल को बनाए रखने के लिए लिया गया है।
एयर इंडिया ने फ्लाइट नंबर AI171 को AI159 से बदलने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि AI171 अब एक दुखद त्रासदी का प्रतीक बन गया है। इसे बदलने से यात्रियों और चालक दल में भय और असहजता की भावना कम होगी। वहीं यह कदम हादसे में जान गंवाने वालों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है। मिली जानकारी के अनुसार विमानन उद्योग में हादसों के बाद फ्लाइट नंबर बदलना आम है, जैसे मलेशियन एयरलाइंस ने MH370 के लिए किया। नया नंबर यात्रियों में विश्वास बहाल करने और इस रूट पर सुरक्षित यात्रा को प्रोत्साहित करने का प्रयास है।
12 जून 2025 को दोपहर 1:38 बजे, एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने के 30 सेकंड बाद ही मेघनीनगर क्षेत्र में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल ब्लॉक में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में 230 यात्री (2 शिशु सहित) और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। केवल एक ब्रिटिश यात्री, विश्वशकुमार रमेश, गंभीर चोटों के साथ जीवित बचे।
फ्लाइटराडार24 के अनुसार, विमान ने केवल 625 फीट की ऊंचाई हासिल की थी और उड़ान भरने के एक मिनट से भी कम समय में इसका सिग्नल खो गया। पायलटों ने मेडे कॉल जारी की थी, जो आपातकालीन स्थिति का संकेत था। यह हादसा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर की पहली घातक दुर्घटना थी।


















