झारखंड में वोकेशनल शिक्षा को नया आयाम: 700 ट्रेनर्स के लिए विशेष टीओटी कार्यक्रम शुरू
रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) और जेआईटीएम स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड ने मिलकर राज्य के सभी स्कूलों में कार्यरत लगभग 700 वोकेशनल ट्रेनर्स के लिए एक विशेष “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स” (टीओटी) कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य वोकेशनल ट्रेनर्स को उच्च स्तर की प्रेरणा और कौशल प्रदान करना है, ताकि वे स्कूली बच्चों को ब्लू-कॉलर नौकरियों का महत्व समझा सकें और उन्हें भविष्य के लिए तैयार कर सकें।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर योगेश कुमार ने बताया कि इस टीओटी कार्यक्रम के तहत ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा कि कैसे बच्चों को प्रेरित करना है, ब्लू-कॉलर नौकरियों की महत्ता को रेखांकित करना है और उन्हें ऐसी शिक्षा देनी है, जिससे उनकी आय व्हाइट-कॉलर नौकरियों से भी अधिक हो सके। जेआईटीएम स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड ने झारखंड के हर स्कूल में वोकेशनल ट्रेनर्स नियुक्त किए हैं, और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें जोश और कमिटमेंट के साथ सशक्त बनाएगा, ताकि वे झारखंड की शैक्षिक और व्यावसायिक तस्वीर को पूरी तरह बदल सकें।
यह कार्यक्रम झारखंड में वोकेशनल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जेईपीसी और जेआआईटीएम स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड इस पहल के माध्यम से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और उनके भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह प्रयास न केवल स्कूली शिक्षा को व्यावहारिक बनाएगा, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाकर राज्य की आर्थिक प्रगति में भी योगदान देगा।


















