मदर टेरेसा क्लीनिक के पक्ष में राजद, भाजपा नेताओं पर साधा निशाना

मदर टेरेसा क्लीनिक के पक्ष में राजद, भाजपा नेताओं पर साधा निशाना

Share
Link copied

रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के महासचिव सह मीडिया प्रभारी कैलाश यादव ने झारखंड सरकार के अटल क्लीनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा क्लीनिक करने के फैसले का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास पर इस फैसले के खिलाफ “ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाया।

कैलाश यादव ने कहा कि भाजपा के संस्थापक नेता, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने मदर टेरेसा से मुलाकात कर उनके मानवता के लिए किए गए अतुलनीय कार्यों की प्रशंसा की थी। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि वे अपनी याददाश्त को ताजा करें और मदर टेरेसा के योगदान को याद करें।

कैलाश यादव ने कहा कि मदर टेरेसा त्याग, तपस्या और करुणा की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने मात्र 13 लोगों के साथ मिशनरीज ऑफ चैरिटी की स्थापना की और भारत सहित विश्व के 500 स्थानों पर कुष्ठ रोगियों, गरीबों, अनाथों, और गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए वृद्धाश्रम, धर्मशालाएं और अन्य सेवा कार्य किए। उनकी निर्भीकता और निस्वार्थ सेवा, खासकर एचआईवी/एड्स पीड़ितों की देखभाल, ने उन्हें “विश्व की मां” और “ममता की मूर्ति” का दर्जा दिलाया।

उन्होंने कहा मदर टेरेसा को उनके मानवीय कार्यों के लिए 1979 में नोबेल शांति पुरस्कार और 1980 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। यादव ने कहा कि उनकी सीख, जैसे दूसरों की मदद करना, प्रेम और करुणा, सहानुभूति, निस्वार्थता और दृढ़ संकल्प, आज भी दुनिया को प्रेरित करती है।

यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आजाद भारत में सबसे ज्यादा नाम बदलने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का यह फैसला झारखंड की अस्मिता के लिए गर्व का विषय है और भाजपा नेताओं को इसका स्वागत करना चाहिए।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow