भाजपा नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, याद किया उनका योगदान
रांची : झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज पूर्व प्रधानमंत्री और झारखंड राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा परिसर में स्थापित अटल जी की आदमकद प्रतिमा और प्रदेश भाजपा कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक विराट व्यक्तित्व थे। मां भारती के सच्चे सपूत और कवि हृदय अटल जी झारखंड की जनता के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से उन्होंने विकसित भारत की नींव रखी, वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांव और शहरों की दूरी को कम किया। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से अटल जी ने विश्व पटल पर एक मजबूत भारत की पहचान स्थापित की।
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा, “अटल जी ने न केवल झारखंड को अलग राज्य का दर्जा देकर यहां की जनता के सपनों को साकार किया, बल्कि आधुनिक और स्वाभिमानी भारत के निर्माण में भी क्रांतिकारी कदम उठाए। विकसित भारत की नींव उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।”
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा, “अटल जी जीवन पर्यंत अजातशत्रु रहे। सभी दलों के बीच उनका उतना ही सम्मान था, जितना अपने दल में। उन्होंने भारत के सांस्कृतिक गौरव को विश्व में ऊंचा किया और देश के लिए समर्पित जीवन जिया।”
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, आरती कुजूर, विकास प्रीतम, सुनीता सिंह, सरोज सिंह, हेमंत दास, सुबोध सिंह गुड्डू, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, अरुण झा, सूरज चौरसिया, सुनील साहू, दीनदयाल वर्णवाल, संजय चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


















