सावन के तीसरे सोमवार हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा सिमडेगा
सावन के तीसरे सोमवार हर हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा सिमडेगा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!तीन दिनों में 75 किमी सफर तय कर करीब 5 हजार कांवरियां झूमते नाचते पहुंचे सरना मंदिर, किया जलाभिषेक
नरेश शर्मा
सिमडेगा सावन की तीसरी सोमवारी में पूरा सिमडेगा शिवमय हो गया। हर तरफ बस “बोल बम और हर हर महादेव” के नारे गुंजायमान रहे। कांवरिया सेवा संघ सिमडेगा के तत्वाधान में सोमवार को करीब 5000 कांवरियों ने 75 किमी. दूर वेदव्यास त्रिवेणी संगम नदी से जल उठाकर शिव भजनों में झूमते – नाचते सिमडेगा सरना मंदिर पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
भगवान शिव की भक्ति का यह अद्भुत नजारा सिमडेगा में सोमवार सुबह देखने को मिला। जहां बच्चे, वृद्ध अथवा नवयुवक – युवतियां सभी पड़ोसी राज्य उड़ीसा के त्रिवेणी संगम से जल उठाकर कांवरिया सेवा संघ सिमडेगा के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार सिन्हा उर्फ पिंटू की अगुवाई में सिमडेगा पहुंचे। और यहां सरना महादेव का जलाभिषेक किया। वहीं रात्रि विश्राम स्थल टुकूपानी से हजारों कांवरियां एक साथ सोमवार सुबह भगवा वस्त्र पहने हुए शिव भजनों में झूमते सरना मंदिर तक पहुंचे। तत्पश्चात पूजा अर्चना कर बाबा भोलेनाथ से सुख समृद्धि सहित अन्य मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना की। इस दौरान शिवभक्तों ने महादेव को जलार्पण कर उनके प्रिय बिल्व पत्र, सफेद पुष्प, प्रसाद आदि अर्पित किये।
विदित हो कि कांवरियां सेवा संघ सिमडेगा के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय कावड़ यात्रा की विधिवत समाप्ति सोमवार को सरना महादेव को जलार्पण के पश्चात हुई।
कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न जगहों पर धर्म प्रेमियों द्वारा कांवड़ियों का स्वागत तथा नाश्ता आदि का प्रबंध किया गया। जिसमें उड़ीसा के बीरमित्रापुर में शिव भक्तों द्वारा कांवरियों के लिए रात्रि विश्राम तथा खाना आदि का प्रबंध किया गया। वहीं सिहरजोर में शीतल छाया द्वारा चाय नाश्ता आदि का प्रबंध तथा कांवरिया सेवा संघ सिमडेगा द्वारा जामपानी बाजारटांड़ एवं टुकूपानी गोदाम में खाने व रात्रि विश्राम का प्रबंध किया गया। इसके अलावा भजन संध्या एवं शिव तांडव नृत्य का आयोजन भी रात्रि में किया गया। पूरी रात कांवरियां शिव भजनों में झूमते और नाचते रहे।
रामनवमी प्रबंधक समिति ने किया भव्य स्वागत
शहर की हृदयस्थली महावीर चौक में रामनवमी प्रबंधक समिति महावीर मंडल सिमडेगा के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की अगुवाई में कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही कांवरिया सेवा संघ के अध्यक्ष पिंटू सिन्हा को भगवा अंगवस्त्र और तलवार तथा अन्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मारवाड़ी महिला समूह ने किया प्रसाद वितरण
मारवाड़ी महिला समूह द्वारा सरना मंदिर में कांवड़ियों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान कई धर्मप्रेमी लोग भी मंदिर में कांवरियों की सुविधा के लिए अपनी सेवा देते नजर आये।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कांवरियां सेवा संघ के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार सिन्हा, संरक्षक दिनेश कुल्लूकेरिया, पप्पू अग्रवाल पवन जैन, राजू शर्मा, मुरारी बामलिया, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार बरणवाल, सचिव सत्ते रोहिल्ला, कौशल राज सिंह देव, दीपक अग्रवाल, राकेश जयसवाल, मुन्ना शर्मा, उपेंद्र श्रीवास्तव, अमित अग्रवाल, नरेश शर्मा नरेशी,बिनीत मित्तल,नितेश जैन,सोनू अग्रवाल बालिंगा ,शशिकांत शाह, शीतल छाया ग्रुप आदि ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

















