बुरे फंसे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा! दोहरे ईपिक कार्ड मामले में चुनाव आयोग का नोटिस

बुरे फंसे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा! दोहरे ईपिक कार्ड मामले में चुनाव आयोग का नोटिस

Share
Link copied

पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्रों में दो अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र (ईपिक) रखने के आरोप में रविवार को निर्वाचन आयोग ने नोटिस जारी किया है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के निबंधन पदाधिकारी सह पटना सदर के भूमि सुधार उप समाहर्ता ने सिन्हा को पत्र भेजकर उनका जवाब मांगा है, ताकि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि सिन्हा के पास दो ईपिक कार्ड हैं, एक लखीसराय (ईपिक नंबर IAF3939337) और दूसरा बांकीपुर (ईपिक नंबर AFS0853341) विधानसभा क्षेत्र से। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों मतदाता सूचियों में सिन्हा की उम्र अलग-अलग दर्ज है—लखीसराय में 57 वर्ष और बांकीपुर में 60 वर्ष। यादव ने इसे धोखाधड़ी और उम्र घोटाला करार देते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की थी।

जवाब में, सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अप्रैल 2024 में लखीसराय में अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया था और बांकीपुर से अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम हटाने के लिए फॉर्म भरा था। उन्होंने दावा किया कि तकनीकी कारणों से उनका नाम बांकीपुर की मतदाता सूची से नहीं हटाया गया, और उनके पास इसकी रसीद सहित सभी दस्तावेज हैं। सिन्हा ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल एक ही जगह वोट दिया है।

निर्वाचन आयोग ने सिन्हा को 14 अगस्त 2025 तक जवाब देने को कहा है। इस मामले ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है, और सभी की नजर अब आयोग की कार्रवाई और सिन्हा के जवाब पर टिकी है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow