सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले में भाजपा की जांच टीम की बैठक, अर्जुन मुंडा ने कहा- भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की कीमत चुकाई सूर्या ने

सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले में भाजपा की जांच टीम की बैठक, अर्जुन मुंडा ने कहा- भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की कीमत चुकाई सूर्या ने

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आज सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच के लिए गठित सात सदस्यीय टीम की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल और अनीता सोरेन शामिल थे। बैठक में जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया, जिसे जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को सौंपा जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जांच टीम ने ललमटिया दौरे के दौरान स्वर्गीय सूर्या हांसदा के परिजनों, स्थानीय प्रबुद्धजनों और आम लोगों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सभी ने एक स्वर में इस एनकाउंटर को फर्जी करार दिया और इसे साजिशन हत्या बताया।

अर्जुन मुंडा ने कहा, “सूर्या हांसदा अवैध उत्खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाते थे। उनका परिवार रूढ़िवादी आदिवासी व्यवस्था का अगुआ रहा है और मांझी परिवार से ताल्लुक रखता है। खनन माफियाओं के लिए सूर्या आंखों की किरकिरी बन गए थे, क्योंकि वे उनके रास्ते में रोड़ा थे। इसीलिए उनकी हत्या की साजिश रची गई।”

अर्जुन मुंडा ने यह भी खुलासा किया कि जिस मामले में सूर्या हांसदा का एनकाउंटर दिखाया जा रहा है, उसमें वे नामजद भी नहीं थे। उन्होंने कहा, “सूर्या हांसदा गरीब बच्चों के मसीहा थे। वे सैकड़ों बच्चों की शिक्षा की चिंता करते थे। आज वे बच्चे अनाथ महसूस कर रहे हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा इस मामले की लड़ाई को अंतिम दम तक लड़ेगी और सूर्या हांसदा के परिवार के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने घोषणा की कि पार्टी जल्द ही इस मुद्दे पर ठोस आंदोलन कार्यक्रम की घोषणा करेगी।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now