अरुणाचल प्रदेश में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के विरोध में हिंसा, पासीघाट में RAF की दो कंपनियां तैनात

अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट के खिलाफ चल रहा विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। हालात बिगड़ने के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की दो कंपनियां तैनात की हैं। नवी मुंबई से 250 RAF जवानों को भारतीय वायुसेना के विशेष परिवहन विमान से पासीघाट पहुंचाया गया है।
विवाद की वजह 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) योजना है। इसके विरोध में 23 अक्टूबर को सियांग, अपर सियांग और ईस्ट सियांग जिलों में स्थानीय संगठनों ने 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था। बंद के दौरान स्थिति काफी हद तक शांत रही, लेकिन इसके समाप्त होने के बाद शुक्रवार रात पासीघाट में हिंसा भड़क उठी। उपद्रव का सिलसिला शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे तक चलता रहा।
हिंसा के दौरान उग्र भीड़ ने NHPC के कार्यालय और एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित तीन नेताओं के आवासों में तोड़फोड़ की गई। उपद्रव को नियंत्रित करने में जुटे राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के कई जवान भी घायल हुए हैं।
बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का अहम हिस्सा है, लेकिन विरोध कानून के दायरे में होना चाहिए। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर पहुंची RAF की दोनों कंपनियां अब स्थानीय पुलिस और पहले से तैनात CRPF बटालियनों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता हिंसा पर नियंत्रण पाने, कानून-व्यवस्था बहाल करने और आगे किसी अप्रिय घटना को रोकने की है।

कोरकोटजोर पहुंचीं उपायुक्त कंचन सिंह, जमीन पर बैठकर सुनीं मलार समाज की समस्याएं, सादरी भाषा में ग्रामीणों से किया संवाद
सिमडेगा: सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह रविवार को केरसई प्रखंड के कोरकोटजोर गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने मलार समाज के महिला-पुरुषों और छात्र-छात्राओं…

सिमडेगा में 34 साल पुराने मामले का स्थायी वारंटी गिरफ्तार
सिमडेगा: सिमडेगा पुलिस ने न्यायालय से निर्गत स्थायी वारंट के निष्पादन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लंबे समय से…
















