सड़क सुरक्षा के लिए विशेष वाहन जांच अभियान: 37 वाहनों पर कार्रवाई, 5.22 लाख रुपये का जुर्माना
रांची : जिला परिवहन विभाग, राँची ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए आज लालगुटवा और पंडरा क्षेत्र में एक विशेष वाहन जाँच अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार और मोटरयान निरीक्षक, राँची ने संयुक्त रूप से किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अभियान के दौरान कुल 256 वाहनों की गहन जाँच की गई। जाँच में वाहनों के प्रेशर हॉर्न, काला शीशा, पथकर, फिटनेश सर्टिफिकेट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, परमिट, ओवरलोडिंग, और चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान दिया गया।
जांच में 37 वाहन यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनमें अपूर्ण दस्तावेज और ओवरलोडिंग जैसे उल्लंघन शामिल थे। इन वाहनों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए 5,22,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही, नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण 06 वाहनों को जप्त कर पंडरा ओपी में सुरक्षित रखा गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने कहा, “हमारा उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। इस तरह के अभियान नियमों के उल्लंघन को रोकने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं। हम सभी वाहन चालकों से अनुरोध करते हैं कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें।”
जिला परिवहन विभाग ने इस अभियान को सड़क सुरक्षा और नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। विभाग ने भविष्य में भी इस तरह के अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि रांची की सड़कों को और सुरक्षित बनाया जा सके।

















