सिमडेगा में कांग्रेस संगठन सृजन को लेकर हुई बैठक, जिला अध्यक्ष चुनाव पर चर्चा
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: सिमडेगा परिषदन के सभागार में कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में आगामी जिला अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष व जिला पर्यवेक्षक एच.एस. लक्की, रांची के पूर्व विधायक व सह-पर्यवेक्षक ओम प्रकाश गुप्ता और अजय नाथ शाहदेव ने भाग लिया। सिमडेगा पहुंचने पर इन नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।
बैठक में संगठन सृजन कार्यक्रम की प्रगति पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि जिले की सभी पंचायतों में संगठन सृजन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, जिस पर उपस्थित नेताओं ने संतोष और खुशी जताई। एच.एस. लक्की ने कहा कि जिला अध्यक्ष का चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ होगा। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार यह चुनाव संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह प्रथम चरण की बैठक है। इसके बाद सार्वजनिक मंतव्य लिया जाएगा और संगठन के संविधान के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुटता का संकल्प लिया।

















