सिक्किम में भीषण भूस्खलन: 4 की मौत, 3 लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सिक्किम के यांगथांग में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। ऊपरी रिम्बी इलाके में हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में 7 लोग आ गए। इस दुखद घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस, SSB के जवान और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
गेजिंग के पुलिस अधीक्षक शेरिंग शेरपा ने बताया कि भूस्खलन में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने बाद में दम तोड़ दिया। बचाव दल ने दो घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला और उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ह्यूम नदी पर पेड़ों के लट्ठों से एक अस्थायी पुल बनाकर पीड़ितों तक पहुंचा गया।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लापता लोगों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यह हादसा क्षेत्र में भारी बारिश और अस्थिर भूगर्भीय परिस्थितियों के कारण हुआ माना जा रहा है।

















