सिमडेगा के भरत सिंह और वीणा ज्योति कुमारी को मिलेगा “यंग अचीवर्स अवार्ड”, समारोह में मॉरीशस के राष्ट्रपति होंगे मुख्य अतिथि

शंभू कुमार सिंह
झारखंड के सिमडेगा जिले ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। ठेठईटांगर प्रखंड के बलसेरा निवासी भरत सिंह और ताराबोगा की वीणा ज्योति कुमारी को प्रतिष्ठित “यंग अचीवर्स अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट (NIFAA) के रजत जयंती समारोह के अवसर पर 21 से 24 सितंबर 2025 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम और हरियाणा के करनाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।

प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान
भरत सिंह ने इससे पहले नेशनल यूथ पार्लियामेंट, दिल्ली (2019) और झारखंड युवा सदन (2020) में सिमडेगा का प्रतिनिधित्व कर अपनी छाप छोड़ी है। वहीं, वीणा ज्योति कुमारी ने झारखंड युवा सदन (2021), मिलान फाउंडेशन द्वारा आयोजित गर्ल आइकॉन लीडरशिप समिट (2021) और भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित युवा संगम – एक भारत श्रेष्ठ भारत (2023) में हरियाणा में जिले का नेतृत्व कर सम्मान अर्जित किया है।

राष्ट्रीय स्तर का भव्य आयोजन
इस समारोह में देश-विदेश से लगभग 3000 युवा भाग लेंगे, जिसमें भारत के 780 जिलों से एक-एक युवक और युवती (लगभग 1600 युवा) को चयनित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मॉरीशस के महामहिम राष्ट्रपति होंगे। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकारों के कैबिनेट मंत्री, देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियाँ भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगी। NIFAA की विभिन्न राज्य शाखाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न राज्यों और जिलों के अध्यक्ष व सचिव शामिल होंगे।

झारखंड के अन्य प्रतिभागी
झारखंड से इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए कई प्रतिभाशाली युवाओं का चयन हुआ है। इनमें रामगढ़ से विधा भूषण, डॉ. रजनी प्रिया, बोकारो से सैयद दानिश अराफत, सुम्मी कुमारी, धनबाद से गणेश शर्मा, सुरभि कुमारी, गिरिडीह से साहिल समीम, संध्या मिश्रा, जामताड़ा से मो. सरफराज, सलोनी बिसरा, देवघर से धमेन्द्र तिवारी, प्रीति गुप्ता, दुमका से जतिन तिवारी, खुशबू कुमारी, साहेबगंज से प्रशांत शेखर, ज्योति शर्मा, गोड्डा से जितेन्द्र कुमार, भाग्यश्री शर्मा, पाकुड़ से चन्दन प्रसाद भगत, स्वास्तिका रानी, गढ़वा से विवेक तिवारी, पलामू से मनीष सोनी, खूंटी से प्रेम कुमार, गुमला से मनीष मिश्रा, लातेहार से देशराज गोयल, लोहरदगा से दीक्षा कुमारी, रांची से रंजन कुमार, फलक फातिमा, चतरा से सिमरन साह, कोडरमा से राम, हजारीबाग से अभिषेक रंजन, पायल बनर्जी, पूर्वी सिंहभूम से मो. अफरोज, सुशीला साहू, पश्चिम सिंहभूम से प्रधान विरुआ, इयो श्री दास, और सरायकेला-खरसावां से आकाश कुमार शामिल हैं।

सिमडेगा में खुशी की लहर
भरत सिंह और वीणा ज्योति कुमारी के चयन पर सिमडेगा जिले में हर्षोल्लास का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोनों युवाओं को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। यह उपलब्धि न केवल सिमडेगा, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है।

















