बिरयानी विवाद में रेस्टोरेंट मालिक विजय नाग की गोली मारकर हत्या, आरोपी युवक फरार

झारखंड की राजधानी रांची में एक मामूली खाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट में नॉन-वेज बिरयानी परोसने के दौरान ग्राहक और मालिक के बीच भिड़ंत हो गई, जिसके बाद एक युवक ने रेस्टोरेंट संचालक विजय नाग को गोली मार दी। घटना देर रात की बताई जा रही है, जिसमें विजय नाग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभिषेक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट में ग्राहक अभिषेक ने बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन वेज और नॉन वेज बिरयानी को लेकर विवाद शुरू हो गया। बातें बढ़ने पर अभिषेक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और विजय नाग पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे छाती में लगने से विजय की मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची कांके थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज जांच में जुट गई है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है। घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्दी की अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















